हरिद्वार, 15 जुलाई।
नगर कोतवाली क्षेत्र के खड़खड़ी में एक महिला के साथ कथित छेड़छाड़ की घटना के बाद माहौल गरमा गया। आरोप है कि हरियाणा से आए युवकों ने महिला के साथ अभद्र व्यवहार किया, जिससे स्थानीय लोगों का आक्रोश फूट पड़ा।
देखते ही देखते वहां भीड़ जमा हो गई और लोगों ने आरोपित युवकों की जमकर पिटाई कर दी। इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें युवकों को पीटते हुए और महिलाएं विरोध करती हुई दिखाई दे रही हैं।
सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने किसी तरह स्थिति को संभाला और दोनों पक्षों से पूछताछ की। कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि घटना की सच्चाई जानने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है।
पुलिस वायरल वीडियो का भी तकनीकी परीक्षण कर रही है ताकि घटना की सही परिस्थितियों का पता चल सके। प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि साक्ष्यों के आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।















