संभल, 15 जुलाई।
संभल जिले में बुधवार को असमोली थाना पुलिस की कथित गोतस्करों से मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से एक आरोपित घायल हो गया, जबकि फायरिंग के दौरान थाना प्रभारी मोहित बलियान भी गोली लगने से घायल हो गए। दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) कुलदीप सिंह ने बताया कि असमोली थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ मढ़न चौकी क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन संदिग्ध पुलिस को देखकर भागने लगे। पीछा करने पर आरोप है कि उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें थाना प्रभारी मोहित बलियान घायल हो गए।
पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपित के पैर में गोली लगी और उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया। घायल आरोपित की पहचान मैनाठेर निवासी इमरान के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे भी उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इमरान के खिलाफ पहले से पशु क्रूरता और गोवंश से जुड़े मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस उसके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।
घटना के दौरान आरोपित के दो अन्य साथी मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में तलाशी अभियान चला रही है।
















