राजगढ़, 15 जुलाई।
राजगढ़ जिले के ब्यावरा में पहली बार भगवान जगन्नाथ, भगवान बलदेव और माता सुभद्रा की भव्य रथयात्रा का आयोजन 17 जुलाई को किया जाएगा। इस्कॉन ब्यावरा के तत्वावधान में होने वाले इस धार्मिक आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। रथयात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह है और शहर में भक्तिमय माहौल दिखाई दे रहा है।
मध्यप्रदेश इस्कॉन नामहट्ट विभाग के प्रमुख श्रीपाद केशव प्रभु ने बताया कि भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा केवल धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि भगवान की कृपा प्राप्त करने का महत्वपूर्ण अवसर भी है। उन्होंने कहा कि शास्त्रों के अनुसार रथ पर विराजमान भगवान जगन्नाथ के दर्शन करने से मनुष्य जन्म-मृत्यु के बंधन से मुक्ति की ओर अग्रसर होता है।
जिला प्रमुख नितिन पिपलोटिया ने बुधवार को बताया कि रथयात्रा शुक्रवार दोपहर 12 बजे गुना बाइपास स्थित श्री खाटूश्याम मंदिर से प्रारंभ होगी। यहां भगवान जगन्नाथ, भगवान बलदेव और माता सुभद्रा को 56 भोग अर्पित किए जाएंगे। इसके बाद रथ एबी रोड, मुख्य बाजार, पीपल चौराहा, सुभाष चौक, जगत चौक और इंदौर नाका होते हुए श्री अंजनीलाल धाम मंदिर पहुंचेगा।
यात्रा के दौरान बाहर से आई भजन एवं संकीर्तन मंडलियां हरीनाम संकीर्तन, भजन-कीर्तन और जयघोष के माध्यम से पूरे मार्ग को भक्तिमय बनाएंगी। विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालु रथ का स्वागत करेंगे। आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन के भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। समापन स्थल श्री अंजनीलाल धाम मंदिर में महाआरती के बाद महाप्रसादी का वितरण किया जाएगा।
आयोजन समिति ने शहरवासियों से परिवार सहित रथयात्रा में शामिल होकर भगवान जगन्नाथ के दर्शन करने और इस ऐतिहासिक आयोजन को सफल बनाने में सहयोग की अपील की है। पहली बार आयोजित हो रही इस रथयात्रा को लेकर पूरे ब्यावरा शहर में उत्सव का माहौल बना हुआ है।
















