सहरसा, 15 जुलाई।
सहरसा-मधेपुरा रेलखंड पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने रेलवे ट्रैक से पेंड्रॉल क्लिप चोरी करते एक व्यक्ति को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपित के कब्जे से रेलवे लाइन में इस्तेमाल होने वाली 15 पुरानी पेंड्रॉल क्लिप बरामद की गई। कार्रवाई के बाद आरोपित को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
रेलवे सूत्रों के अनुसार, पोस्ट कमांडर धनंजय कुमार के निर्देशन में मंगलवार देर रात सहायक उप निरीक्षक महेश कुमार सिंह और प्रधान आरक्षी फुलकान्त मिश्रा सहरसा यार्ड और वाशिंग पिट क्षेत्र में अपराध नियंत्रण के लिए गश्त कर रहे थे। इसी दौरान बिट सी में तैनात प्रधान आरक्षी जितेंद्र प्रसाद भी टीम के साथ शामिल हो गए।
गश्त के दौरान सहरसा-मधेपुरा रेललाइन के पूर्वी हिस्से में खड़ी कोच के पास एक व्यक्ति सफेद प्लास्टिक की बोरी में भारी सामान कंधे पर लेकर जाता दिखाई दिया। पुलिस टीम को देखकर वह तेजी से भागने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया।
तलाशी के दौरान उसकी बोरी से रेलवे ट्रैक में उपयोग होने वाली 15 पुरानी पेंड्रॉल क्लिप बरामद हुई। पूछताछ में आरोपित ने अपनी पहचान सिमरी बख्तियारपुर निवासी 34 वर्षीय चंदन कुमार के रूप में बताई। रेलवे संपत्ति से संबंधित दस्तावेज मांगने पर वह कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका।
पूछताछ में आरोपित ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए बताया कि वह लालच में सहरसा यार्ड से पेंड्रॉल क्लिप खोलकर ले जा रहा था, ताकि उसे किसी कबाड़ी को बेचकर कुछ पैसे कमा सके। इसके बाद आरपीएफ ने गवाहों की मौजूदगी में रेलवे संपत्ति जब्त कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद परिजनों को गिरफ्तारी की सूचना दी गई और बुधवार को आरोपित को न्यायालय, खगड़िया में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
















