भोपाल, 15 जुलाई।
मध्य प्रदेश के सहकारिता विभाग में पदोन्नति नियम-2025 के तहत विभिन्न संवर्गों में कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों को बड़ी राहत देते हुए 613 पदोन्नति के आदेश जारी किए गए हैं। जारी आदेशों के अनुसार प्रथम, द्वितीय, तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के कुल 613 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पदोन्नत किया गया है।
जनसंपर्क अधिकारी दुर्गेश रायकवार ने बुधवार को बताया कि जारी पदोन्नति आदेशों में प्रथम श्रेणी के 41, द्वितीय श्रेणी के 84, तृतीय श्रेणी के 486 तथा चतुर्थ श्रेणी के दो पद शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि 15 संवर्गों में संयुक्त सहकारिता एवं संयुक्त पंजीयक सहकारी संस्थाएं के 22, उप आयुक्त सहकारिता एवं उप पंजीयक सहकारी संस्थाएं के 19, सहायक आयुक्त एवं सहायक पंजीयक सहकारी संस्थाएं के 13, अंकेक्षण अधिकारी के 71, वरिष्ठ सहकारी निरीक्षक के 196, सहकारी निरीक्षक के 106, सहायक ग्रेड-2 के 111, शीघ्र लेखक ग्रेड-2 के छह, अधीक्षक के दो, शीघ्र लेखक ग्रेड-3 के दो, संभागीय अधीक्षक के आठ, सुपरवाइजर के एक, सहायक ग्रेड-1 के 29, जमादार के एक तथा सहायक ग्रेड-3 के 26 पदों पर पदोन्नति के आदेश जारी किए गए हैं।
सहकारिता विभाग ने कुल 15 संवर्गों में यह पदोन्नति प्रक्रिया पूरी करते हुए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए आदेश जारी कर दिए हैं।
















