अशोकनगर, 15 जुलाई।
मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले में एक ही दिन के दौरान 24 से अधिक गुमशुदगी के मामले दर्ज होने से पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया है। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से विवाहित महिलाओं, पुरुषों और नाबालिग बालिकाओं सहित 24 से अधिक लोगों के लापता होने की शिकायतें सामने आई हैं। पुलिस ने सभी मामलों में गुमशुदगी दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटे में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोगों के बिना बताए घर से चले जाने अथवा लापता होने की जानकारी मिली। इनमें वयस्क महिला-पुरुषों के साथ कई नाबालिग बालिकाओं के मामले भी शामिल हैं, जिन्हें गंभीरता से लेते हुए अलग-अलग स्तर पर जांच शुरू कर दी गई है।
थाना क्षेत्रवार दर्ज मामलों के अनुसार सिटी कोतवाली में तीन पुरुष, एक विवाहित महिला और एक नाबालिग बालिका के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज हुई है। देहात थाना क्षेत्र में दो पुरुष और दो महिलाओं की गुमशुदगी दर्ज की गई है।
शाढ़ौरा थाना क्षेत्र में सबसे अधिक मामले सामने आए हैं। यहां एक युवक, चार महिलाएं और दो नाबालिग बालिकाओं के लापता होने की शिकायत दर्ज हुई है। वहीं, चंदेरी थाना क्षेत्र में तीन विवाहित महिलाओं और दो बालिकाओं के गुमशुदा होने की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
ईसागढ़ थाना क्षेत्र में एक पुरुष और दो महिलाओं के लापता होने की सूचना दर्ज हुई है। बहादुरपुर थाना क्षेत्र में एक विवाहित महिला और एक नाबालिग बालिका के गायब होने का मामला सामने आया है, जबकि सेहराई थाना क्षेत्र में एक महिला की गुमशुदगी दर्ज की गई है।
लगातार सामने आ रहे गुमशुदगी के मामलों को देखते हुए पुलिस सभी प्रकरणों की अलग-अलग जांच कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, संबंधित थाना पुलिस लापता लोगों की तलाश में जुटी है और आवश्यकता पड़ने पर अन्य जिलों की पुलिस तथा तकनीकी संसाधनों की भी मदद ली जा रही है।
जिले में हाल के दिनों में गंभीर आपराधिक घटनाओं के बीच एक ही दिन में इतनी बड़ी संख्या में गुमशुदगी की शिकायतें दर्ज होने से कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
















