नैनीताल, 15 जुलाई।
कुमाऊं मंडल में एलटी शिक्षकों के लिए बड़ी खबर है। शिक्षा विभाग के अपर निदेशक कार्यालय ने वर्ष 1992 से 1996 के बीच नियुक्त और पदोन्नत हुए शिक्षकों की अनंतिम वरिष्ठता सूची पुनर्निर्धारित कर जारी कर दी है।
मंडलीय अपर निदेशक गजेंद्र सिंह सौन ने बताया कि यह निर्णय विभिन्न अदालती आदेशों और शासन के निर्देशों के पालन में लिया गया है। इस सूची में सामान्य और महिला शाखा के सभी शिक्षकों को शामिल किया गया है।
वरिष्ठता सूची में बदलाव राकेश नेगी, अनीता वर्मा और रूप चंद्र लखेड़ा प्रकरणों में मिले न्यायालय के निर्देशों के आधार पर किया गया है। विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर सूची अपलोड कर दी गई है ताकि सभी शिक्षक इसे देख सकें।
यदि किसी शिक्षक को अपनी वरिष्ठता या क्रमांक पर कोई आपत्ति है, तो वे साक्ष्यों के साथ अपना प्रत्यावेदन विभाग में जमा कर सकते हैं। इसके लिए शिक्षकों को 14 दिन का समय दिया गया है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि तय समयसीमा के बाद मिलने वाली किसी भी आपत्ति पर विचार नहीं किया जाएगा। इसके बाद ही अनंतिम सूची को अंतिम वरिष्ठता सूची के रूप में घोषित किया जाएगा।















