अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजन
15 Jul, 2026

दो पदक जीतकर लौटे सेतु मिश्रा का पटना में भव्य स्वागत

एशियन अंडर-23 एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण और रजत पदक जीतने वाले बिहार के एथलीट सेतु मिश्रा का पटना एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत और सम्मान किया गया।

पटना, 15 जुलाई।

चीन में आयोजित एशियन अंडर-23 एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भारत के लिए स्वर्ण और रजत पदक जीतने वाले बिहार के मोतिहारी निवासी युवा एथलीट सेतु मिश्रा का पटना पहुंचने पर एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत किया गया। खिलाड़ियों, खेल अधिकारियों और परिजनों ने फूल-मालाओं तथा अंगवस्त्र भेंट कर उनकी उपलब्धि का सम्मान किया।

बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवीन्द्रण शंकरण स्वयं पटना एयरपोर्ट पहुंचे और सेतु मिश्रा का पुष्पमाला एवं अंगवस्त्र देकर अभिनंदन किया। इस अवसर पर बिहार एथलेटिक्स एसोसिएशन के सचिव लियाकत अली, खेल प्राधिकरण के अधिकारी मोहम्मद हारुन, सेतु मिश्रा की माता, बड़ी संख्या में खिलाड़ी, खेल प्रेमी और परिवार के सदस्य भी उपस्थित रहे।

इस मौके पर बिहार के राष्ट्रीय स्तर के धावक विभास्कर कुमार को भी सम्मानित किया गया। रवीन्द्रण शंकरण ने उन्हें अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ भेंट कर उनके खेल योगदान की सराहना की और भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

चीन में आयोजित एशियन अंडर-23 एथलेटिक्स चैंपियनशिप में सेतु मिश्रा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत को 4×400 मीटर मिक्स्ड रिले स्पर्धा में स्वर्ण पदक दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके अलावा उन्होंने 4×400 मीटर पुरुष रिले स्पर्धा में रजत पदक जीतकर एक और उपलब्धि अपने नाम की। उनके प्रदर्शन से अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत के साथ-साथ बिहार का भी गौरव बढ़ा।

रवीन्द्रण शंकरण ने कहा कि सेतु मिश्रा की उपलब्धि बिहार के खेल इतिहास में एक नया अध्याय है। उन्होंने बताया कि सेतु एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में दो पदक जीतने वाले बिहार के पहले एथलीट बन गए हैं। उनकी सफलता राज्य के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है और यह साबित करती है कि उचित अवसर और मार्गदर्शन मिलने पर बिहार के खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना सकते हैं।

उन्होंने विश्वास जताया कि सेतु मिश्रा भविष्य में भी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत और बिहार का नाम रोशन करेंगे। एयरपोर्ट पर मौजूद खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने उनकी उपलब्धि का उत्साहपूर्वक स्वागत किया, जिससे पूरे परिसर में खुशी और गर्व का माहौल दिखाई दिया।

|
आज का राशिफल

मन प्रसन्न बना रहेगा। अचल संपत्ति की खरीद अथवा कृषि उद्यम में रुचि पैदा होगी। परिवार के साथ मनोरांजनिक स्थल की यात्रा होगी। आपसी प्रेम-भाव में बढ़ोतरी होगी। भविष्य की योजनाओं पर विचार विमर्श होगा। अपनों का सहयोग प्राप्त होगा। सभी का सहयोग मिलेगा। शुभांक-1-3-5

आज का मौसम

भोपाल

25° / 33°

Partly sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़