सुलतानपुर, 15 जुलाई।
सुलतानपुर जिले के कादीपुर कोतवाली क्षेत्र स्थित बुढ़ाना मालपुर नहर से एक किशोर का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक चारु निगम और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान अंबेडकर नगर जिले के भींटी थाना क्षेत्र के दूबाने का पूरा निवासी शाश्वत दुबे उर्फ सुमित दुबे (16) पुत्र सुनील कुमार के रूप में हुई है। वह जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र के चंद्रहां स्थित अपने ननिहाल में रहकर पढ़ाई करता था। हाल ही में वह ननिहाल से अलग होकर शहर में रह रहा था और यश कॉन्वेंट स्कूल में 12वीं कक्षा का छात्र था।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि मंगलवार को शाश्वत अपनी बुलेट बाइक से ननिहाल जाने के लिए निकला था, जिसके बाद उसका कोई पता नहीं चला। रात में परिजनों ने जयसिंहपुर कोतवाली में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। बुधवार दोपहर कादीपुर पुलिस को सूचना मिली कि मालपुर नहर में एक शव बहकर आया है। सूचना पर क्षेत्राधिकारी विनय गौतम और पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
स्थानीय गोताखोरों की मदद से शव को नहर से बाहर निकाला गया, जहां उसकी पहचान शाश्वत दुबे के रूप में हुई। पुलिस को मृतक की जेब से एक मोबाइल फोन और पांच हजार रुपये नकद मिले हैं। हालांकि उसकी बुलेट बाइक का अभी तक कोई पता नहीं चल सका है।
पुलिस अधीक्षक चारु निगम ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में मामला दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है, हालांकि वास्तविक स्थिति पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
















