अंतरराष्ट्रीय संबंध
15 Jul, 2026

भारत-पोलैंड ने एमएसएमई सहयोग बढ़ाने पर बनाई नई रणनीति

भारत और पोलैंड ने नई दिल्ली में हुई बैठक में एमएसएमई, डिजिटल परिवर्तन, नवाचार, व्यापार और निवेश के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने तथा संस्थागत साझेदारी मजबूत करने पर सहमति जताई।

नई दिल्ली, 15 जुलाई।

भारत सरकार के सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (एमएसएमई) मंत्रालय ने नई दिल्ली में पोलैंड के आर्थिक विकास एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय के उप मंत्री माइकल बरानोवस्की के नेतृत्व वाले उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ द्विपक्षीय बैठक की। बैठक में एमएसएमई सहयोग, डिजिटल परिवर्तन, नवाचार, प्रौद्योगिकी, व्यापार और निवेश के नए अवसरों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक के दौरान एमएसएमई मंत्रालय के सचिव भारत खेरा ने प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए कहा कि भारत का एमएसएमई क्षेत्र आर्थिक विकास, रोजगार सृजन और निर्यात बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। उन्होंने बताया कि देश में 8.6 करोड़ से अधिक पंजीकृत एमएसएमई हैं, जिनका सकल घरेलू उत्पाद में लगभग 30 प्रतिशत, विनिर्माण उत्पादन में एक-तिहाई से अधिक और निर्यात में लगभग आधा योगदान है। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र करीब 33 करोड़ लोगों की आजीविका का आधार भी बना हुआ है।

भारत खेरा ने प्रतिनिधिमंडल को सरकार की उन प्रमुख योजनाओं की जानकारी भी दी, जिनका उद्देश्य एमएसएमई क्षेत्र को वैश्विक स्तर पर अधिक प्रतिस्पर्धी बनाना है। उन्होंने उद्यम पंजीकरण पोर्टल, सूक्ष्म एवं लघु उद्यमों के लिए क्रेडिट गारंटी योजना, प्रौद्योगिकी केंद्र और जेडईडी जैसी पहलों का उल्लेख करते हुए बताया कि इनके माध्यम से डिजिटल परिवर्तन, तकनीक अपनाने, टिकाऊ विनिर्माण और बाजार तक पहुंच को प्रोत्साहन दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि पोलैंड मध्य और पूर्वी यूरोप में भारत का सबसे बड़ा व्यापार एवं निवेश साझेदार है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 से दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार में तीन गुना वृद्धि हुई है। साथ ही विश्वास जताया कि हाल में हुए भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते से व्यापार और निवेश संबंधों को और मजबूती मिलेगी।

पोलैंड के उप मंत्री माइकल बरानोवस्की ने भारत के एमएसएमई इकोसिस्टम में हुई उल्लेखनीय प्रगति की सराहना करते हुए सहयोग को और मजबूत बनाने की इच्छा व्यक्त की। उन्होंने दोनों देशों के उद्योगों के बीच संस्थागत साझेदारी और बिजनेस-टू-बिजनेस संबंधों को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई। बैठक में वर्ष 2024 में नेशनल स्मॉल इंडस्ट्रीज कॉरपोरेशन और पोलिश एजेंसी फॉर एंटरप्राइज डेवलपमेंट के बीच शुरू हुई संस्थागत साझेदारी की भी सराहना की गई।

बैठक में दोनों पक्षों ने उद्यम विकास, डिजिटल परिवर्तन, प्रौद्योगिकी, नवाचार, बाजार संपर्क, व्यापार और निवेश के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने तथा दोनों देशों के एमएसएमई इकोसिस्टम के बीच मजबूत संस्थागत साझेदारी विकसित करने पर सहमति व्यक्त की।

|
आज का राशिफल

मन प्रसन्न बना रहेगा। अचल संपत्ति की खरीद अथवा कृषि उद्यम में रुचि पैदा होगी। परिवार के साथ मनोरांजनिक स्थल की यात्रा होगी। आपसी प्रेम-भाव में बढ़ोतरी होगी। भविष्य की योजनाओं पर विचार विमर्श होगा। अपनों का सहयोग प्राप्त होगा। सभी का सहयोग मिलेगा। शुभांक-1-3-5

आज का मौसम

भोपाल

25° / 33°

Partly sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़