भोपाल, 15 जुलाई।
राजधानी में स्वच्छता व्यवस्था को लेकर नगर निगम ने सख्त रुख अपनाया है। निगम आयुक्त संस्कृति जैन ने शहर में सीएंडडी वेस्ट और गंदगी फैलाने वाले मेट्रो रेल कॉरपोरेशन, रेलवे तथा अन्य संस्थानों को नोटिस जारी कर जुर्माना लगाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों को गंदा करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
अटल भवन में आयोजित समय-सीमा प्रकरणों और निगम कार्यों की समीक्षा बैठक में आयुक्त ने अधिकारियों को राजस्व वसूली में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने संपत्तिकर, जल उपभोक्ता प्रभार, लीज रेंट सहित विभिन्न मदों में लंबित बकाया राशि की वसूली के लिए विशेष अभियान चलाने और नए कर खाते खोलकर निगम की आय बढ़ाने पर जोर दिया।
बैठक में सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों की समीक्षा करते हुए निगम आयुक्त ने शिकायतों के निराकरण में लापरवाही बरतने पर विधानसभावार सभी अतिक्रमण प्रभारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी अपर आयुक्तों से भी कहा कि समय पर और गुणवत्तापूर्ण शिकायतों का निराकरण नहीं करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई का प्रस्ताव भेजा जाए।
संस्कृति जैन ने स्वीकृत मानचित्र से अधिक निर्माण करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कंपाउंडिंग की कार्रवाई करने, निगम स्वामित्व वाली संपत्तियों का सत्यापन कराने तथा लीज रेंट सहित अन्य बकायादारों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए।
उन्होंने 20 हजार वर्गमीटर से अधिक क्षेत्रफल वाले आवासीय परिसरों, व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स, कार्यालयों, मैरिज गार्डन और होटलों में बल्क वेस्ट जनरेटर का अनिवार्य पंजीयन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। साथ ही सड़कों पर पड़े सीएंडडी वेस्ट को तत्काल हटाने, नालों और तालाबों की नियमित सफाई कराने तथा अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों का नियमित निरीक्षण करने के लिए कहा।
















