उदयपुर, 15 जुलाई।
उदयपुर जिले के सायरा थाना क्षेत्र के कमोल गांव में शराबबंदी के नियम के कथित उल्लंघन पर एक युवक को पेड़ से उल्टा लटकाकर मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह घटना 12 मई 2026 की बताई जा रही है।
सायरा थाना प्रभारी कानाराम सीरवी के अनुसार कमोल गांव में समाज स्तर पर शराबबंदी लागू है। आरोप है कि चूनाराम गमेती ने 11 मई को शराब का सेवन किया और नशे की हालत में घर पहुंचा। पिता द्वारा टोकने पर उसने कथित रूप से उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और मारपीट भी की।
इसके बाद 12 मई को समाज के कुछ पंचों ने भील बस्ती में बैठक बुलाई। बैठक में शराबबंदी का नियम तोड़ने के आरोप में युवक पर 11 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। आरोप है कि इसके बाद उसका एक पैर रस्सी से बांधकर पेड़ से उल्टा लटकाया गया और उसके साथ मारपीट की गई।
घटना का वीडियो किसी व्यक्ति ने रिकॉर्ड कर लिया, जो मंगलवार को सोशल मीडिया पर सामने आया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए 11 लोगों को डिटेन किया है और उनके खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
















