चित्तौड़गढ़, 15 जुलाई।
चित्तौड़गढ़ में जिला विशेष टीम और भादसोड़ा थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में हाईवे पर चल रहे चोरी के पेट्रोल-डीजल के अवैध कारोबार का खुलासा हुआ है। पुलिस ने मौके से 730 लीटर पेट्रोल, 100 लीटर डीजल और भंडारण में इस्तेमाल होने वाले उपकरण जब्त करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि जिला विशेष टीम के प्रभारी एएसआई सूरज कुमार को सूचना मिली थी कि भादसोड़ा मुख्य चौराहे पर प्रेम शंकर माली अवैध रूप से पेट्रोल-डीजल का भंडारण कर उसकी बिक्री कर रहा है। सूचना के आधार पर एएसआई सूरज कुमार अपनी टीम के साथ फर्जी ग्राहक बनकर मौके पर पहुंचे। वहां प्रेम शंकर माली अवैध तरीके से पेट्रोल-डीजल बेचते हुए मिला। इसके बाद भादसोड़ा थाना पुलिस को सूचना देकर संयुक्त कार्रवाई की गई।
पुलिस ने आरोपित के बाड़े की तलाशी ली, जहां से चार ड्रमों में रखे 730 लीटर पेट्रोल, पांच केन में भरे 100 लीटर डीजल और पेट्रोल-डीजल भरने में उपयोग होने वाले उपकरण बरामद कर जब्त किए गए।
जांच में सामने आया कि आरोपित उदयपुर-चित्तौड़गढ़ हाईवे पर सांवलियाजी प्राकट्य स्थल स्थित भादसोड़ा चौराहे पर खड़े टैंकरों और ट्रकों से पेट्रोल-डीजल की चोरी करवाता था। इसके बाद वह कम कीमत पर इसे खरीदकर अवैध रूप से भंडारण करता और स्थानीय ग्राहकों को अधिक दाम पर चोरी-छिपे बेचता था।
पुलिस ने भादसोड़ा चौराहा निवासी प्रेम शंकर पुत्र प्यारा माली के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
















