उज्जैन, 16 जुलाई।
थाईलैंड के बैंकॉक में एक दुखद हादसे ने उज्जैन के एक परिवार की खुशियां छीन ली हैं। पुणे में कार्यरत सॉफ्टवेयर इंजीनियर अर्पित नामदेव की समुद्र में डूबने से असामयिक मौत हो गई है। मृतक अर्पित अपनी कंपनी द्वारा आयोजित टूर पर सहकर्मियों के साथ बैंकॉक गए थे, जहां समुद्र में नहाने के दौरान यह हृदयविदारक घटना घटी।
अर्पित मूल रूप से उज्जैन के रहने वाले थे और पिछले कुछ समय से अपनी पत्नी व दो छोटी बेटियों के साथ पुणे में निवास कर रहे थे। उनके पिता रामेश्वर नामदेव उज्जैन कलेक्टर कार्यालय में सहायक हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद पिता तत्काल पुणे पहुंचे और कंपनी प्रबंधन से मुलाकात की। अब परिवार अपनी बहू और दोनों पोतियों के साथ वापस उज्जैन लौट आया है।
फिलहाल शव को स्वदेश लाने की प्रक्रिया में समय लग रहा है। थाईलैंड में कानूनी औपचारिकताएं और पुलिस जांच जारी है, जिसके कारण पार्थिव शरीर को भारत पहुंचने में करीब एक हफ्ते का समय लगने की संभावना है। स्थानीय प्रशासन और परिजन शव को सुरक्षित लाने के लिए आवश्यक प्रयास कर रहे हैं।
इस अनहोनी की खबर मिलने के बाद से ही उज्जैन स्थित नामदेव परिवार के आवास पर मातम पसरा हुआ है। बड़ी संख्या में रिश्तेदार और परिचित परिवार को ढांढस बंधाने के लिए पहुंच रहे हैं। एक होनहार युवा की असमय मृत्यु ने पूरे परिवार और परिचितों को गहरे सदमे में डाल दिया है।













