नोएडा, 16 जुलाई।
बलात्कार के एक मामले में आरोपी राजेंद्र पाल पर कानून का शिकंजा कस गया है। आरोपी द्वारा लगातार न्यायालय के आदेशों की अवहेलना करने पर दादरी थाना पुलिस ने उसके खिलाफ एक और मुकदमा दर्ज किया है।
आरोपी के खिलाफ पहले से ही बलात्कार का मामला दर्ज है, जिसके चलते कोर्ट ने उसके खिलाफ वारंट जारी किया था। इसके बावजूद आरोपी न तो कोर्ट में आत्मसमर्पण कर रहा है और न ही पुलिस जांच में सहयोग दे रहा है।
महिला उप निरीक्षक मीनू गालियान की शिकायत पर दादरी थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 209 के तहत यह मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की फरार रहने की प्रवृत्ति के चलते अब सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कानूनी आदेशों को ताक पर रखने वाले इस आरोपी की धरपकड़ के लिए पुलिस ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर कानूनी प्रक्रिया के तहत पेश किया जाएगा।













