चेन्नई, 16 जुलाई।
तमिलनाडु में मानसून के सुस्त पड़ने से भीषण गर्मी और लू का प्रकोप बढ़ गया है। राज्य के 16 जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जिसे देखते हुए मौसम विभाग ने हीट वेव का अलर्ट जारी किया है।
पिछले 24 घंटों में सबसे अधिक तापमान वेल्लोर में 41.6 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से काफी अधिक है। चेन्नई समेत मदुरै और तिरुत्तनी जैसे शहरों में भी लोग चिलचिलाती धूप से बेहाल हैं। आने वाले दिनों में तापमान में और चार डिग्री तक बढ़ोतरी की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने तटीय इलाकों में हीट स्ट्रेस के खतरे की चेतावनी दी है। लोगों को दोपहर के समय बाहर न निकलने, सूती कपड़े पहनने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी गई है। फिलहाल राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क बना हुआ है।
17 जुलाई के बाद मानसून की सक्रियता बढ़ने के आसार हैं, जिससे तापमान में कुछ राहत मिल सकती है। तब तक पश्चिमी घाट के कुछ इलाकों को छोड़कर राज्य भर में बारिश की कोई बड़ी उम्मीद नहीं है।












