काठमांडू, 16 जुलाई।
नेपाल में हो रही मूसलाधार बारिश के चलते कोशी नदी का रौद्र रूप सामने आया है। पानी का स्तर 1 लाख 63 हजार क्यूसेक के आंकड़े को पार कर गया है, जिससे प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। बढ़ते दबाव को देखते हुए कोशी बैराज के कुल 56 में से 21 फाटकों को आज सुबह खोल दिया गया।
सुनसरी प्रशासन के अनुसार, गुरुवार को नदी का बहाव 1 लाख 63 हजार 230 क्यूसेक दर्ज किया गया है। पूर्वी नेपाल में जारी बारिश यदि नहीं थमी, तो स्थिति और भी गंभीर हो सकती है। प्रशासन ने निचले तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को अलर्ट रहने की चेतावनी दी है।
सुरक्षा के लिहाज से बैराज नियंत्रण कक्ष ने खतरे की निशानी के तौर पर लाल बत्तियां जला दी हैं और चेतावनी झंडे फहराए गए हैं। कोशी नदी में तमोर, अरुण और सुनकोशी जैसी सहायक नदियों का पानी मिलने से जलस्तर अचानक बढ़ जाता है, जो नेपाल के साथ-साथ भारत के निचले इलाकों में भी बाढ़ और कटाव का खतरा पैदा कर देता है।













