मंडी, 16 जुलाई।
हिमाचल प्रदेश में नशा तस्करों के खिलाफ जारी मुहिम के तहत स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने बड़ी कार्रवाई की है। एसटीएफ की टीम ने मंडी में मलारी फोरलेन टनल के पास एक ट्रक से अवैध बीयर की भारी खेप बरामद की है। यह कार्रवाई बुधवार देर रात नाकाबंदी के दौरान की गई।
एसटीएफ ने जब टनल के समीप नाके पर एक संदिग्ध ट्रक (एचपी 65ए 3114) को तलाशी के लिए रोका, तो अंदर का नजारा देखकर अधिकारी भी दंग रह गए। ट्रक के भीतर बीयर की कुल 519 पेटियां लदी हुई थीं। ड्राइवर से जब वैध दस्तावेजों और परमिशन लेटर के बारे में पूछताछ की गई, तो वह कोई भी जवाब नहीं दे सका।
एसटीएफ कुल्लू के डीएसपी हेम राज वर्मा ने बताया कि अवैध दस्तावेज न पाए जाने पर टीम ने बीयर की पूरी खेप और ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है। इस मामले में आरोपी को सदर पुलिस थाना मंडी के सुपुर्द कर दिया गया है।
फिलहाल सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस इस बात का पता लगा रही है कि शराब की यह बड़ी खेप कहां से लाई जा रही थी और इसका असली ठिकाना क्या था।













