कानपुर, 16 जुलाई।
कानपुर के चौबेपुर क्षेत्र में देर रात पुलिस और गोकशी के आरोपितों के बीच हुई जोरदार मुठभेड़ में दो शातिर अपराधी घायल हो गए हैं। पुलिस ने दोनों को पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया और इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया।
पुलिस उपायुक्त एस.एम. कासिम आबिदी ने बताया कि सात जुलाई को हुई गोकशी की घटना के बाद से ही आरोपितों की सरगर्मी से तलाश की जा रही थी। बीती रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि संदिग्ध जादेपुर गांव की तरफ छिपे हैं। पुलिस टीम ने जब इलाके की घेराबंदी कर चेकिंग शुरू की, तो बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी।
जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से दोनों बदमाश घायल हो गए। पकड़े गए आरोपितों की शिनाख्त शाहनवाज और मुबीन के रूप में हुई है, जिनमें से शाहनवाज पहले भी गोकशी के जुर्म में जेल की हवा खा चुका है।
इनके पास से पुलिस ने अवैध तमंचे, कारतूस, गोकशी में इस्तेमाल होने वाले धारदार हथियार और एक कार बरामद की है। पूछताछ के दौरान दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है और पुलिस अब इस गिरोह के बाकी सदस्यों की तलाश में छापेमारी कर रही है।













