सीवान, 16 जुलाई।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम का इस्तेमाल कर एक नाबालिग लड़की की अश्लील फोटो वायरल करने के मामले में सीवान की साइबर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले में संलिप्त एक मुख्य आरोपी को धर दबोचा है।
घटना के संबंध में पीड़िता की मां ने पिछले वर्ष 30 जुलाई को साइबर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप था कि मोहम्मद शेर अली और जरीना खातून ने उनकी नाबालिग बेटी की आपत्तिजनक तस्वीरों को वायरल कर दिया है।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, भारतीय न्याय संहिता और पॉक्सो एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। तकनीकी अनुसंधान और पुख्ता जानकारी के बाद पुलिस ने दरौली थाना क्षेत्र के पतौआ निवासी मोहम्मद शेर अली को गिरफ्तार कर लिया है।
पूछताछ में आरोपी ने अपना गुनाह कुबूल कर लिया है। पुलिस अब इस मामले में अन्य नामजद आरोपियों की तलाश और उनकी भूमिका की जांच कर रही है।
एसपी ने चेतावनी दी है कि महिलाओं और बच्चों की गरिमा से खिलवाड़ करने वाले अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जनता से किसी भी साइबर अपराध की जानकारी तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर देने की अपील की है।













