ग्वालियर, 23 जुलाई।
ग्वालियर जिले में रेत के अवैध उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने गुरुवार सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 रेत से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त किए। अनुविभागीय दंडाधिकारी अतुल सिंह के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने विक्की फैक्ट्री तिराहा, हुरावली चौराहा सहित विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की।
प्रभारी खनिज अधिकारी घनश्याम यादव ने बताया कि कार्रवाई के दौरान झांसी रोड थाना क्षेत्र से अवैध एवं ओवरलोड रेत से भरे सात ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त किए गए। वहीं सिरोल थाना क्षेत्र से तीन अन्य ट्रैक्टर-ट्रॉली भी कब्जे में लिए गए।
जब्त किए गए सभी वाहनों को संबंधित थाना पुलिस की अभिरक्षा में सौंप दिया गया है। साथ ही अवैध रेत परिवहन में संलिप्त लोगों के खिलाफ खनिज अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई में एसडीएम अतुल सिंह, तहसीलदार कुलदीप दुबे, प्रभारी खनिज अधिकारी घनश्याम यादव सहित राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।











