भोपाल, 23 जुलाई।
भोपाल स्थित बरकतउल्ला विश्वविद्यालय में कुलगुरु पद पर एक बार फिर प्रशासनिक बदलाव हुआ है। प्रभारी कुलगुरु प्रो. विवेक शर्मा का इस्तीफा स्वीकार कर लिया गया है। नियमित कुलगुरु की नियुक्ति तक उच्च शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव अनुपम राजन को कुलगुरु का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
राजभवन की ओर से गुरुवार को जारी आदेश के अनुसार प्रो. विवेक शर्मा ने 22 जुलाई 2026 को अपना त्यागपत्र दिया था। राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति मंगुभाई पटेल ने इसे तत्काल प्रभाव से स्वीकार करते हुए उनके कार्यभार से संबंधित पूर्व आदेश निरस्त कर दिए हैं। आदेश में कहा गया है कि नियमित कुलगुरु की नियुक्ति तक अनुपम राजन अपने वर्तमान दायित्वों के साथ विश्वविद्यालय के कुलगुरु का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगे। यह व्यवस्था अगले आदेश तक प्रभावी रहेगी।
बरकतउल्ला विश्वविद्यालय में पिछले एक महीने के भीतर कुलगुरु पद पर यह दूसरा बदलाव है। इससे पहले नियमित कुलगुरु प्रो. एस.के. जैन के इस्तीफे के बाद प्रबंध संकाय के संकायाध्यक्ष प्रो. विवेक शर्मा को प्रभारी कुलगुरु बनाया गया था। अब उनके इस्तीफे के बाद विश्वविद्यालय की जिम्मेदारी अनुपम राजन को सौंपी गई है।
राजभवन ने स्पष्ट किया है कि विश्वविद्यालय के शैक्षणिक और प्रशासनिक कार्य प्रभावित न हों, इसलिए यह अंतरिम व्यवस्था की गई है। नियमित कुलगुरु की नियुक्ति होने तक विश्वविद्यालय का संचालन अनुपम राजन के नेतृत्व में किया जाएगा।
राजभवन के आदेश में प्रो. विवेक शर्मा के इस्तीफे के कारणों का उल्लेख नहीं किया गया है। फिलहाल उनके पद छोड़ने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।











