आलीराजपुर, 23 जुलाई।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज गुरुवार को आलीराजपुर जिले के दौरे पर रहेंगे। वे यहां "कृषक कल्याण वर्ष" के उपलक्ष्य में चंद्रशेखर आजाद नगर में अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की 120वीं जन्म जयंती के अवसर पर कृषि उपज मंडी में आयोजित होने वाले बलराम कृषि महोत्सव तथा जन्मजयंती समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव चंद्रशेखर आजाद नगर पहुंचकर अमर शहीद की जन्मस्थली आजाद कुटिया जाएंगे और उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके पश्चात वे मुख्य कार्यक्रम स्थल कृषि मंडी पहुंचकर बलराम कृषि महोत्सव में शिरकत करेंगे जहां वे जिले के प्रगतिशील किसानों से सीधे संवाद स्थापित कर कृषि क्षेत्र में हो रहे नवाचारों, आधुनिक तकनीकों और विकास से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा करेंगे। इसके साथ ही वे संभाग के विभिन्न जिलों से आए सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर्स से भी विशेष बातचीत करेंगे।
इस भव्य कार्यक्रम के दौरान जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाले चुनिंदा प्रगतिशील किसानों तथा प्रतिभावान मेधावी छात्रों को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा। बलराम कृषि महोत्सव का मुख्य उद्देश्य किसानों को खेती किसानी और इससे जुड़े क्षेत्रों की नवीनतम तकनीकों, उन्नत पद्धतियों के साथ-साथ शासन की कल्याणकारी योजनाओं की पूरी जानकारी प्रदान करना है। इसी कड़ी में विभिन्न विभागों के पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के तहत हितलाभ का वितरण भी किया जाएगा।
इस अवसर पर आयोजित होने वाली विशाल प्रदर्शनी में कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य पालन, सहकारिता, कृषि अभियांत्रिकी समेत अन्य संबंधित विभागों द्वारा आकर्षक स्टॉल लगाए जाएंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव अपने इस आलीराजपुर प्रवास के दौरान जिलेवासियों को विकास कार्यों की बहुत बड़ी सौगात देने जा रहे हैं। वे विभिन्न विभागों के लगभग 287.32 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन करेंगे। इन विकास कार्यों में लोक निर्माण विभाग के सड़क निर्माण कार्य, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत ग्रामीण संपर्क मार्ग, जनजातीय कार्य विभाग के नवीन हाई स्कूल भवन, जल संसाधन विभाग के बैराज, विद्युत वितरण कंपनी के उपकेंद्र, एक्सीलेंस कॉलेज के नवीनीकरण और पंचायत राज से जुड़े निर्माण कार्य शामिल हैं। इन सभी परियोजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र में शिक्षा, सिंचाई, सड़क और बिजली की व्यवस्था को जबरदस्त मजबूती मिलेगी। इसके अलावा वे लगभग 53.55 करोड़ रुपये की लागत से बनकर तैयार हुए विभिन्न आधारभूत संरचना विकास कार्यों का लोकार्पण भी करेंगे।
लोकार्पण किए जाने वाले इन कार्यों में बिजली विभाग के नए उपकेंद्र, स्कूल भवन, आंगनवाड़ी केंद्र, अटल सेवा केंद्र, पुलिया, स्टॉप डैम, निस्तार तालाब और अन्य ग्रामीण बुनियादी ढांचे से जुड़े कार्य शामिल हैं।
बलराम कृषि महोत्सव के इस विशेष कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर्स के साथ सीधा संवाद करते हुए कृषि, जनजातीय संस्कृति, पर्यटन, स्थानीय उत्पादों और ग्रामीण नवाचार जैसे विषयों पर उनके अनुभवों से रूबरू होंगे।










