कानपुर, 24 जुलाई।
उत्तर प्रदेश के कानपुर जनपद के अंतर्गत आने वाले घाटमपुर क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा पेश आया है, जहां हाईवे पर तेज रफ्तार अनियंत्रित डंपर की जबरदस्त टक्कर से एक युवा बाइक सवार की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस भयावह दुर्घटना के बाद वाहन चालक नेवान को रोकने की बजाय बाइक को करीब पांच सौ मीटर तक सड़क पर घसीटा, जिसे देखकर राहगीरों के होश उड़ गए और लोग तुरंत डंपर का पीछा करने लगे।
सजेती थाना क्षेत्र के कोरिया गांव निवासी अतुल नामक यह युवक किसी काम से कानपुर की तरफ जा रहा था तभी पतारा चौकी के पास यह अनहोनी घटित हो गई। स्थानीय लोगों के भारी विरोध और पीछा करने पर चालक वाहन को बीच रास्ते में ही छोड़कर मौके से फरार होने में कामयाब हो गया, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत हरकत में आते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कारवाई शुरू कर दी है।















