कानपुर, 24 जुलाई।
सचेण्डी थाना क्षेत्र में बाइक से जा रहे एक युवक से लूट का प्रयास किया गया। युवक द्वारा विरोध करने पर एक आरोपित ने तमंचे से फायरिंग कर दी। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोगों ने दोनों आरोपितों को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
कटवा गांव निवासी आशीष बाइक से अपनी ससुराल जा रहे थे। रास्ते में दो युवकों ने उनसे लिफ्ट मांगी। युवक ने दोनों को बाइक पर बैठा लिया। किसान नगर के पास पहुंचने पर आरोपितों ने लघुशंका का बहाना बनाकर बाइक रुकवा दी।
बाइक रुकते ही दोनों ने युवक से लूटपाट करने का प्रयास किया। विरोध करने पर एक आरोपित ने तमंचे से फायरिंग कर दी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी फैल गई।
गोली की आवाज सुनकर स्थानीय लोग और राहगीर मौके पर पहुंच गए। लोगों ने दोनों आरोपितों को पकड़ लिया और उनकी पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर सचेण्डी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को भीड़ से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया।
डीसीपी पश्चिमी एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि दोनों आरोपित गिरफ्तार कर लिए गए हैं और उनसे पूछताछ की जा रही है। घटना में इस्तेमाल किए गए तमंचे की बरामदगी के प्रयास जारी हैं। पुलिस साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।















