बाराबंकी, 24 जुलाई।
बाराबंकी जिले के फतेहपुर कोतवाली क्षेत्र में कथित जबरन धर्म परिवर्तन का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने देर रात प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।
शिकायतकर्ता महिला ने पुलिस को बताया कि उनके पति का काफी समय पहले निधन हो चुका है और वह अपनी पुत्री के साथ रहती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2024 में फतेहपुर कोतवाली में तैनात रहे कांस्टेबल आसिफ ने उनकी पुत्री से संपर्क कर उसके साथ यौन उत्पीड़न का प्रयास किया। आरोप है कि उसने कई बार फोन पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाया और मना करने पर परिवार की आर्थिक स्थिति का लाभ उठाने की कोशिश की।
महिला का आरोप है कि कांस्टेबल ने पैसों का प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किया और इसी सिलसिले में फतेहपुर क्षेत्र के बसारा गांव निवासी जावेद से बात कराई, जो उस समय सऊदी अरब में था। इसके बाद जावेद ने सोशल मीडिया के माध्यम से युवती से संपर्क बढ़ाया और उसे धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित करना शुरू कर दिया।
शिकायत के अनुसार, सऊदी अरब से लौटने के बाद दो जनवरी 2026 को जावेद युवती को अपने साथ ले गया, जहां उसके साथ यौन उत्पीड़न किया गया और मुस्लिम धर्म अपनाने की शिक्षा दी गई। आरोप है कि इस दौरान युवती दो बार गर्भवती हुई और दवा देकर उसका गर्भपात कराया गया।
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ दिन पहले जावेद, अपने बहनोई रेहान तथा हमजा के साथ उनकी पुत्री को मसौली बाजार स्थित एक मजार पर ले गया। वहां मौजूद मौलाना और अन्य लोगों ने कथित रूप से युवती का निकाह जावेद से जबरन करा दिया।
अपर पुलिस अधीक्षक विकास चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पीड़िता का बयान दर्ज कराया जा रहा है और पूरे मामले की जांच जारी है।














