नई दिल्ली, 24 जुलाई।
छत्तीसगढ़ में रेल नेटवर्क और माल परिवहन को सुदृढ़ बनाने के लिए केंद्र सरकार ने खरसिया-नया रायपुर-परमलकसा नई दोहरी रेल लाइन परियोजना को मंजूरी दी है। 278 किलोमीटर लंबी इस परियोजना की अनुमानित लागत 7,854 करोड़ रुपये तय की गई है।
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने राज्यसभा में लिखित उत्तर में बताया कि इस परियोजना को अप्रैल 2025 में स्वीकृति प्रदान की गई थी। नई रेल लाइन बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग के व्यस्त रेल सेक्शनों पर दबाव कम करने के साथ मालगाड़ियों और यात्री ट्रेनों की आवाजाही को अधिक सुगम बनाएगी।
यह परियोजना राज्य के आठ जिलों से होकर गुजरेगी। इसके तहत बलौदाबाजार जिले को पहली बार रेल नेटवर्क से जोड़ा जाएगा। वहीं, महानदी कोलफील्ड्स लिमिटेड के कोयला क्षेत्रों के प्रमुख प्रवेश द्वार खरसिया से माल परिवहन को भी गति मिलने की उम्मीद है।
रेल मंत्रालय के अनुसार इस परियोजना को विशेष रेलवे परियोजना घोषित किया गया है। इसके लिए करीब 1,852 हेक्टेयर भूमि की आवश्यकता होगी और भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया जारी है।
मंत्रालय ने बताया कि वर्ष 2026-27 में छत्तीसगढ़ के लिए रेलवे बजट बढ़कर लगभग 7,470 करोड़ रुपये हो गया है। वर्तमान में राज्य में 48,202 करोड़ रुपये की लागत वाली 36 रेल परियोजनाओं पर काम चल रहा है, जिनमें आठ नई रेल लाइन और 28 दोहरीकरण परियोजनाएं शामिल हैं।















