गुवाहाटी, 24 जुलाई।
असम में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने बताया कि राज्य में अब तक 10.63 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार राहत और पुनर्वास कार्यों के लिए 24 घंटे काम कर रही है तथा प्रभावित परिवारों तक भोजन, पेयजल, दवाइयों और अन्य आवश्यक सामग्री लगातार पहुंचाई जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के कई जिलों में बाढ़ का असर बना हुआ है और इस आपदा से जान-माल का व्यापक नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि स्थिति की समीक्षा के लिए जल्द ही उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की जाएगी और राहत कार्यों की प्रगति का आकलन किया जाएगा।
ताजा बाढ़ बुलेटिन के अनुसार, 29 अप्रैल से 23 जुलाई के बीच राज्य के 25 जिले, 77 राजस्व सर्किल और 2,023 गांव बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। प्रभावित लोगों के लिए 162 राहत शिविर संचालित किए जा रहे हैं, जहां 41,264 लोग रह रहे हैं। इसके अलावा 1,072 राहत वितरण केंद्र भी बनाए गए हैं।
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक बाढ़ से अब तक 47 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि आठ लोग अब भी लापता हैं। आपदा के कारण 401 मकान पूरी तरह नष्ट हो गए और 1,856 मकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं। वहीं 28,912 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है तथा प्रभावित क्षेत्रों में हर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है।















