नई दिल्ली, 24 जुलाई।
भारतीय निशानेबाज संयम ने आईएसएसएफ विश्व कप राइफल, पिस्टल और शॉटगन प्रतियोगिता में महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा का रजत पदक जीतकर भारत का पदकों का खाता खोल दिया। फाइनल में उन्होंने 243.4 अंक हासिल कर दूसरा स्थान प्राप्त किया। यह उनके करियर का दूसरा आईएसएसएफ विश्व कप पदक है।
पूर्व जूनियर विश्व और एशियाई चैंपियन संयम ने क्वालीफिकेशन दौर में 579 अंक जुटाकर फाइनल में जगह बनाई। इसके बाद उन्होंने पूरे मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया।
इस प्रतियोगिता में भारत का 36 सदस्यीय दल राइफल, पिस्टल और शॉटगन की व्यक्तिगत तथा मिश्रित टीम स्पर्धाओं में हिस्सा ले रहा है। टीम में मनु भाकर, स्वप्निल कुसाले, ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर, ईशा सिंह, सुरुचि, एलावेनिल वलारिवन, सिफ्ट कौर समरा, अनीश भानवाला, गनेमत सेखों और अन्य प्रमुख निशानेबाज शामिल हैं।
राइफल स्पर्धाओं में पुरुष और महिला वर्ग की विभिन्न स्पर्धाओं में भारतीय खिलाड़ी चुनौती पेश कर रहे हैं। वहीं पिस्टल और शॉटगन वर्ग में भी भारतीय निशानेबाजों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है। भारत मिश्रित टीम स्पर्धाओं में भी अपनी दावेदारी पेश करेगा।















