झांसी, 24 जुलाई।
झांसी के इलाइट चौराहा स्थित एक रेस्टोरेंट में गुरुवार रात प्रधान पुत्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना उस समय हुई, जब वह अपने चार दोस्तों के साथ भोजन कर रहा था। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर बिना नंबर प्लेट की बाइक पर सवार अपने साथी के साथ मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले के खुलासे के लिए तीन टीमें गठित कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान गरौठा थाना क्षेत्र के हैवतपुरा गांव निवासी 33 वर्षीय संजय सिंह उर्फ संजू के रूप में हुई है। उनकी मां गांव की प्रधान हैं। संजय अविवाहित था और पिछले छह वर्षों से झांसी में रहकर एलएलबी की पढ़ाई कर रहा था। इसके साथ ही वह कचहरी में एक अधिवक्ता के यहां मुंशी का कार्य भी करता था।
संजय के मित्र ने बताया कि गुरुवार शाम वह एक अधिवक्ता और उनके साथी के साथ दतिया स्थित पीतांबरा पीठ के दर्शन कर लौट रहा था। वापसी में सभी लोग इलाइट चौराहा स्थित रेस्टोरेंट में भोजन करने पहुंचे, जहां संजय ने अपने एक अन्य मित्र को भी बुला लिया। भोजन समाप्त होने ही वाला था कि काले कपड़े पहने एक युवक अंदर आया और संजय के सिर पर तमंचा सटाकर गोली मार दी।
गोली चलने के बाद रेस्टोरेंट में अफरा-तफरी मच गई। हमलावर हथियार लहराते हुए बाहर निकला। पार्किंग में मौजूद गार्ड ने उसे पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह पहले से इंतजार कर रहे साथी के साथ बिना नंबर प्लेट की बाइक से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल संजय को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां देर रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
रेस्टोरेंट संचालक ने बताया कि घटना के समय कई ग्राहक वहां मौजूद थे। गोली चलने के बाद लोग जान बचाने के लिए बाहर निकल गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस रेस्टोरेंट और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है।
मृतक के बड़े भाई ने बताया कि परिवार की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी और न ही प्रधानी को लेकर कोई विवाद चल रहा था। उन्होंने कहा कि संजय झांसी में रहकर पढ़ाई के साथ जमीन से जुड़े कार्य भी देखता था। परिवार को हत्या के कारण या हमलावरों के बारे में कोई जानकारी नहीं है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति ने बताया कि मामले के खुलासे के लिए एसओजी सहित तीन पुलिस टीमें लगाई गई हैं। सीसीटीवी फुटेज और अन्य अहम सुरागों के आधार पर आरोपितों की तलाश की जा रही है। पुलिस ने जल्द घटना का खुलासा करने का दावा किया है।















