नोएडा, 24 जुलाई।
नोएडा के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चेन लूट की दो घटनाओं में बाइक सवार बदमाशों ने अस्पताल कर्मी युवती समेत दो लोगों को निशाना बनाया। दोनों मामलों में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, सेक्टर-82 उद्योग विहार निवासी हरमीत सिंह, जो सेक्टर-11 स्थित एक अस्पताल में कार्यरत हैं, ने शिकायत दर्ज कराई है कि वह रात में मेट्रो चौराहे पर जूस पीने गई थीं। इसी दौरान बाइक पर आए दो बदमाशों ने झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन लूट ली। अचानक हुए हमले से वह असंतुलित होकर सड़क पर गिर गईं। शोर मचाने के बावजूद बदमाश मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और सर्विलांस की मदद से आरोपितों की तलाश की जा रही है।
एक अन्य घटना में अमित कुमार झा ने शिकायत दर्ज कराई कि वह अपनी पत्नी मधु झा के साथ स्कूटी से बाजार जा रहे थे। ओमेक्स गोल चक्कर के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने उनकी पत्नी के गले से सोने की चेन और पेंडेंट झपट लिया और मौके से फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार, दूसरे मामले में भी मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विभिन्न पहलुओं पर जांच की जा रही है।















