हमीरपुर, 24 जुलाई।
हमीरपुर जिले की सरीला तहसील में तैनात नायब तहसीलदार को फोन पर गाली-गलौज करने और जानमाल की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित अधिकारी की शिकायत पर पुलिस ने दो नामजद और तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के अनुसार सरीला तहसील में पदस्थ नायब तहसीलदार आशीष कुमार गुप्ता को फोन कर अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया और जान से मारने की धमकी दी गई। घटना के बाद उन्होंने तत्काल मौदहा कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने मौदहा कस्बे के रहने वाले जमीरउद्दीन पुत्र खलीलुद्दीन, खलीलुद्दीन पुत्र हमीरुद्दीन तथा तीन अज्ञात व्यक्तियों को नामजद और अज्ञात आरोपित बनाते हुए संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है।
कोतवाली प्रभारी संतोष सिंह ने बताया कि कॉल डिटेल और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है। उन्होंने कहा कि आरोपितों की गिरफ्तारी कर उनके खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।















