हरिद्वार, 24 जुलाई।
हरिद्वार के आनंद भैरव मंदिर परिसर में शुक्रवार को अखाड़ा परिषद के शीर्ष पदाधिकारियों की मौजूदगी में नवनियुक्त महामंडलेश्वर यति मां प्रत्यंगिरा गिरी के सम्मान एवं आशीर्वाद समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें संत समाज के कई बड़े दिग्गज शामिल हुए। इस दौरान परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष और महामंत्री ने सनातन धर्म की रक्षा के लिए संघर्षरत संतों को हरसंभव सहयोग और संरक्षण देने का खुला ऐलान किया।
समारोह को संबोधित करते हुए संत समाज के प्रमुख वक्ताओं ने कहा कि मौजूदा समय में धर्म के सामने जो भी चुनौतियां खड़ी हैं, उनका डटकर मुकाबला करने वालों का पूरा समर्थन किया जाएगा। वहीं नवनियुक्त महामंडलेश्वर ने अपने गुरु के मार्ग पर आजीवन चलने और सनातन के उद्देश्यों के प्रति पूरी निष्ठा से कार्य करने का संकल्प दोहराया।















