हरिद्वार, 24 जुलाई।
उत्तराखंड के कोसी नदी बेसिन को लेकर आईआईटी रुड़की और जी.बी. पंत संस्थान के साझा अध्ययन में एक चिंताजनक बात सामने आई है जिसके मुताबिक जलवायु परिवर्तन की वजह से इस पूरे क्षेत्र की दीर्घकालिक जल सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है। शोधकर्ताओं ने आगाह किया है कि बढ़ते तापमान और कम होते भूजल स्तर के कारण आने वाले समय में कृषि और पेयजल आपूर्ति के सामने गंभीर संकट खड़ा हो सकता है।
इस अध्ययन के अनुसार इस सदी के अंत तक अधिकतम तापमान में भारी बढ़ोतरी होने की आशंका है जिससे पानी की उपलब्धता घटेगी और सूखे जैसी स्थितियां अधिक बार उत्पन्न होंगी। विशेषज्ञों ने इस विकट समस्या से निपटने के लिए प्राकृतिक जलस्रोतों के पुनर्जीवन और प्रभावी संरक्षण उपायों को अपनाने पर जोर दिया है ताकि पर्यावरण को बचाया जा सके।















