रायसेन, 27 जुलाई।
मध्य प्रदेश के रायसेन शहर की शीतल सिटी कॉलोनी में एक महिला ने सोमवार सुबह फंदे पर लटककर आत्महत्या कर ली। घटना का खुलासा उस समय हुआ, जब उनकी बड़ी बेटी ने कमरे में मां को फंदे से लटका हुआ देखा। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान 45 वर्षीय सरोज विश्वकर्मा के रूप में हुई है। परिवार में उनके पति और दो बेटियां हैं। सोमवार सुबह करीब 10 बजे बड़ी बेटी ने सबसे पहले मां को फंदे पर लटका देखा। उस समय महिला का पति अपनी ड्यूटी के सिलसिले में कोर्ट गया हुआ था। घटना की जानकारी मिलते ही कॉलोनी के लोग मौके पर एकत्र हो गए।
सूचना मिलने पर कोतवाली थाना प्रभारी नरेंद्र गोयल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद पंचनामा कार्रवाई पूरी की और शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। पड़ोसियों के अनुसार कुछ समय पहले तक महिला सामान्य स्थिति में दिखाई दी थीं। कोतवाली थाना प्रभारी नरेंद्र गोयल ने बताया कि आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

















