भोपाल, 27 जुलाई।
भोपाल के चौथे निशातपुरा रेलवे स्टेशन का शुभारंभ 28 जुलाई से होने जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शाम 5 बजे मालवा एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर स्टेशन से यात्री सेवाओं की शुरुआत करेंगे। प्रारंभिक चरण में मालवा एक्सप्रेस और सोमनाथ-जबलपुर एक्सप्रेस का इस स्टेशन पर नियमित ठहराव रहेगा। उद्घाटन से एक दिन पहले सोमवार को मंत्री विश्वास सारंग ने स्टेशन पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया।
निशातपुरा रेलवे स्टेशन के संचालन में आने के बाद इंदौर की दिशा में जाने वाली ट्रेनों के संचालन में सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही यह स्टेशन भोपाल, रानी कमलापति और संत हिरदाराम (बैरागढ़) रेलवे स्टेशनों के बाद शहर का चौथा प्रमुख रेलवे स्टेशन बन जाएगा। मंत्री विश्वास सारंग ने बताया कि यह स्टेशन नरेला विधानसभा क्षेत्र में स्थित है और इसके आसपास कई फ्लाईओवर मौजूद हैं। उन्होंने बताया कि भोपाल रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 से द्वारका नगर होते हुए निशातपुरा तक एक नया रेलवे ओवरब्रिज भी बनाया जा रहा है, जो करीब छह रेलवे ट्रैक को पार करेगा।
करीब तीन वर्ष पहले तैयार हो चुके निशातपुरा रेलवे स्टेशन पर सभी आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध होने के बावजूद अब तक यात्री ट्रेनों का संचालन शुरू नहीं हो पाया था। अब सभी आवश्यक मंजूरियां मिलने के बाद इसे नियमित यात्री सेवाओं के लिए खोला जा रहा है।
भोपाल रेल मंडल के अनुसार, शुरुआती चरण में मालवा एक्सप्रेस और सोमनाथ-जबलपुर एक्सप्रेस का ठहराव निशातपुरा और भोपाल जंक्शन, दोनों स्टेशनों पर रहेगा। इससे पहले जारी अधिसूचना में इन ट्रेनों के केवल निशातपुरा स्टेशन पर रुकने की जानकारी दी गई थी, जिसे बाद में संशोधित कर यात्रियों की सुविधा के लिए दोनों स्टेशनों पर ठहराव बनाए रखने का निर्णय लिया गया।
हालांकि, कुछ यात्रियों ने स्टेशन तक पहुंचने वाले मार्ग पर ट्रैफिक जाम और अधिक परिवहन खर्च को लेकर चिंता जताई है। उनका कहना है कि नादरा बस स्टैंड, छोला रोड और आसपास के व्यस्त मार्गों से होकर गुजरने के कारण समय पर स्टेशन पहुंचना चुनौतीपूर्ण हो सकता है।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि निशातपुरा रेलवे स्टेशन शुरू होने से आसपास के क्षेत्रों के हजारों यात्रियों को लाभ मिलेगा और मुख्य भोपाल रेलवे स्टेशन पर यात्रियों का दबाव भी कम होगा। अधिकारियों के अनुसार, भविष्य में जरूरत के अनुसार अन्य ट्रेनों का ठहराव भी इस स्टेशन पर बढ़ाया जा सकता है।

















