राजगढ़, 27 जुलाई।
फसल बीमा वितरण में कथित अनियमितताओं और ग्रामीण क्षेत्रों में अघोषित बिजली कटौती के विरोध में सोमवार को कांग्रेस ने पूर्व विधायक बापूसिंह तंवर के नेतृत्व में राजगढ़ कलेक्ट्रेट का घेराव किया। इस दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और किसानों ने कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के समाधान की मांग की। साथ ही अधीक्षण यंत्री को भी अलग से पत्र देकर ग्रामीण क्षेत्रों में रात के समय बिजली कटौती बंद करने की मांग उठाई।
ज्ञापन में कांग्रेस ने आरोप लगाया कि राजगढ़ विधानसभा क्षेत्र में फसल बीमा वितरण के दौरान किसानों के साथ असमानता बरती गई है। पार्टी का दावा है कि खुजनेर ब्लॉक के 282 किसानों को 4.75 लाख रुपये और राजगढ़ ब्लॉक के 206 किसानों को 3.81 लाख रुपये की बीमा राशि स्वीकृत की गई, जबकि राजस्व विभाग के सर्वे में क्षेत्र की फसलों को 50 प्रतिशत से अधिक नुकसान दर्ज किया गया था।
पूर्व विधायक बापूसिंह तंवर ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के किसानों ने करीब 100 करोड़ रुपये से अधिक का बीमा प्रीमियम जमा किया है। ऐसे में जिन किसानों की फसल क्षति 50 प्रतिशत से अधिक दर्ज हुई है और जिन्होंने प्रीमियम जमा किया है, उन्हें पात्रता सूची में शामिल कर नियमानुसार बीमा राशि प्रदान की जानी चाहिए। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर त्रुटियों में सुधार करने की मांग की।
कांग्रेस ने ज्ञापन में ग्रामीण क्षेत्रों में लोड शेडिंग के नाम पर हो रही अघोषित बिजली कटौती का भी विरोध किया। पार्टी का कहना है कि बारिश के मौसम में रात के समय बिजली नहीं रहने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इससे मच्छरों और जहरीले जीव-जंतुओं का खतरा बढ़ने के साथ विद्यार्थियों की पढ़ाई भी प्रभावित होती है।
कांग्रेस ने प्रशासन से मांग की कि ग्रामीण क्षेत्रों में रात के समय होने वाली अघोषित बिजली कटौती तत्काल बंद कर किसानों और आमजन को राहत प्रदान की जाए।

















