भोपाल, 27 जुलाई।
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में 5 से 8 अगस्त तक प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय ब्रिक्स संस्कृति सम्मेलन (ब्रिक्स कल्चर ट्रैक मीटिंग्स) आयोजित होगा। सम्मेलन में ब्रिक्स देशों के संस्कृति मंत्री, वरिष्ठ प्रतिनिधि और कलाकार शामिल होंगे। इस दौरान विभिन्न देशों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आयोजित की जाएंगी।
सोमवार को संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने कमिश्नर कार्यालय में सम्मेलन की तैयारियों की समीक्षा बैठक की। बैठक में संस्कृति मंत्रालय भारत सरकार की संचालक प्रियंका चंद्र वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुईं। इसके अलावा कलेक्टर प्रियंक मिश्रा, स्मार्ट सिटी की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अंजू अरुण कुमार तथा विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी भाग लिया।
संभागायुक्त ने निर्देश दिए कि सम्मेलन की सभी व्यवस्थाएं भारत की संस्कृति, परंपरा और आतिथ्य के अनुरूप उच्च स्तर की हों। उन्होंने माइक्रो प्लानिंग पर विशेष जोर देते हुए केंद्र और राज्य सरकार के सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, 5 अगस्त को मिंटो हॉल में ब्रिक्स देशों की तकनीकी समितियों की बैठक होगी। शाम को प्रतिनिधिमंडल इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय का भ्रमण करेगा। 6 अगस्त को तकनीकी समितियों की बैठक के बाद शाम को रवीन्द्र भवन में ब्रिक्स कल्चरल फेस्टिवल के तहत सदस्य देशों के कलाकार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे।
7 अगस्त को ब्रिक्स देशों के संस्कृति मंत्रियों का भोपाल आगमन होगा। इसके बाद वे जनजातीय संग्रहालय, वन विहार राष्ट्रीय उद्यान और राज्य संग्रहालय का भ्रमण करेंगे। इसी दिन शाम को रवीन्द्र भवन में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
सम्मेलन के अंतिम दिन 8 अगस्त को कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में ब्रिक्स देशों के संस्कृति मंत्रियों की बैठक होगी। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल के सांची स्तूप भ्रमण का कार्यक्रम प्रस्तावित है।

















