मंदसौर, 27 जुलाई।
मध्य प्रदेश के मंदसौर शहर में अफीम गोदाम रोड स्थित अमलेश्वर महादेव मंदिर में चल रहे निर्माण कार्य के दौरान सोमवार को ऊंचाई से गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई। हादसे के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान साबिर (25) पुत्र कालू खां मेवाती के रूप में हुई है। वह वर्तमान में नाहरसैय्यद मेला ग्राउंड, मंदसौर में रह रहा था और मूल रूप से जिले के अचेरी गांव का निवासी था। वह मजदूरी के साथ भवन तोड़ने का कार्य भी करता था।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार दोपहर साबिर मंदिर परिसर में निर्माण कार्य के दौरान एक दीवार पर चढ़कर तोड़फोड़ कर रहा था। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह करीब 15 फीट की ऊंचाई से नीचे गिर पड़ा। नीचे पत्थर होने के कारण उसे गंभीर चोटें आईं।
मंदिर परिसर में कार्य कर रहे लोगों ने तत्काल घायल मजदूर को जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, शरीर में आई गंभीर अंदरूनी चोटें उसकी मौत का कारण बनीं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि साबिर ने इस निर्माण स्थल पर करीब दो दिन पहले ही काम शुरू किया था। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके और अस्पताल पहुंची। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

















