उमरिया, 27 जुलाई।
मध्य प्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में कोई भी व्यक्ति केवल पद के लिए राजनीति नहीं करता। उन्होंने कहा कि उन्हें किसी पद का मोह नहीं है और आवश्यकता पड़ने पर वह किसी भी जिम्मेदारी से अलग होने के लिए तैयार हैं।
सोमवार को अल्प प्रवास पर उमरिया पहुंचे मंत्री प्रहलाद पटेल ने सर्किट हाउस में पत्रकारों से चर्चा के दौरान पंचायतों में पांचवें वित्त आयोग की राशि के उपयोग को लेकर भी अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि इस धनराशि का उपयोग श्मशान घाट, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं जैसे प्राथमिक कार्यों पर किया जाना चाहिए। केवल सोलर लाइट लगाने में पूरी राशि खर्च करना उचित नहीं है।
दौरे के दौरान मंत्री ने ग्राम कटरिया स्थित मछडार नदी तथा ग्राम मरदरी में उमरार नदी के उद्गम स्थलों पर पूजा-अर्चना कर वृक्षारोपण किया। उन्होंने कहा कि छोटी नदियों के संरक्षण और पुनर्जीवन के लिए विशेष प्रयास किए जाने चाहिए। उनके अनुसार, नदियों को बारहमासी बनाने के लिए कंक्रीट निर्माण की बजाय स्थानीय प्रजातियों के अधिक से अधिक पौधे लगाए जाना अधिक प्रभावी होगा। उन्होंने जल स्रोतों के संरक्षण और पर्यावरण संतुलन के महत्व पर भी जोर दिया।
प्रहलाद पटेल ने कहा कि यदि नदी घाटों और किनारों पर कहीं अतिक्रमण हुआ है तो उसे हटाने के लिए सरकार आवश्यक कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा कि उमरिया की जीवनरेखा मानी जाने वाली उमरार नदी को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।
दतिया विधानसभा उपचुनाव और भविष्य में टिकट वितरण से जुड़े सवाल पर मंत्री ने कहा कि उन्हें किसी पद की चिंता नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा में व्यक्ति पद के लिए नहीं, बल्कि संगठन और जनसेवा के उद्देश्य से कार्य करता है। उन्होंने कहा कि यदि कभी जिम्मेदारी छोड़ने की आवश्यकता पड़ी तो वह इसके लिए भी पूरी तरह तैयार हैं।

















