इंदौर, 27 जुलाई।
भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के 2010 बैच के वरिष्ठ अधिकारी भास्कर लक्षकार ने सोमवार को इंदौर संभागायुक्त के रूप में पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर निवर्तमान संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े भी मौजूद रहे। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने संभागीय अधिकारियों से परिचय प्राप्त कर प्रशासनिक कार्यों की जानकारी ली।
संभागायुक्त कार्यालय में अधिकारियों ने भास्कर लक्षकार का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया, वहीं निवर्तमान संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े को उनके कार्यकाल के लिए भावभीनी विदाई दी गई। पदभार संभालने के बाद लक्षकार ने कहा कि इंदौर संभाग में सेवा करने का अवसर उनके लिए गौरव की बात है। उन्होंने बताया कि प्रशासनिक सेवा के शुरुआती दौर में डॉ. खाड़े उनके कलेक्टर रह चुके हैं और उनसे उनका आत्मीय संबंध रहा है।
उन्होंने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता शासन की योजनाओं और प्राथमिकताओं को पूरी प्रतिबद्धता के साथ प्रभावी ढंग से लागू करना होगी। उनके अनुसार, इंदौर संभाग पहले से ही उत्कृष्ट कार्य संस्कृति के लिए जाना जाता है और टीम वर्क, बेहतर समन्वय तथा नवाचार के माध्यम से इसे और मजबूत बनाया जाएगा। उन्होंने विकास कार्यों को गति देने और जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने का भरोसा भी जताया।
निवर्तमान संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े ने अपने संबोधन में इंदौरवासियों, जनप्रतिनिधियों और मीडिया का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि लगभग 11 महीने के कार्यकाल के दौरान उन्हें जिस तरह का सहयोग और स्नेह मिला, उससे हमेशा इंदौर परिवार का हिस्सा होने का एहसास हुआ। उन्होंने विश्वास जताया कि नए संभागायुक्त अपने अनुभव और कार्यशैली से संभाग के विकास को नई दिशा देंगे।
कार्यभार संभालने से पहले भास्कर लक्षकार ने परिवार सहित इंदौर के श्री खजराना गणेश मंदिर और श्री रणजीत हनुमान मंदिर पहुंचकर दर्शन-पूजन किया तथा प्रदेश और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की।
गौरतलब है कि इससे पहले भास्कर लक्षकार खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग में आयुक्त सह-संचालक के पद पर कार्यरत थे। वे मुरैना, गुना और रतलाम सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों में कलेक्टर तथा अन्य महत्वपूर्ण प्रशासनिक दायित्व निभा चुके हैं।

















