Naidunia Live
• टॉप न्यूज़ • मध्य प्रदेश • विज्ञान व प्रौद्योगिकी • अपराध • शिक्षा • संपादकीय • धर्म / अध्यात्म • वीडियो स्टोरी • मौसम • त्योहार • प्रेरक कहानियाँ
• वीडियो • न्यूज़ आर्काइव

मध्य प्रदेश
27 Jul, 2026

महेश्वर में नर्मदा के तेज बहाव में बहे इंदौर के युवक का शव मिला

महेश्वर के सहस्त्रधारा घाट पर नर्मदा नदी में बह गए इंदौर निवासी युवक का शव करीब नौ घंटे के सर्च अभियान के बाद बरामद हुआ। घटना के बाद प्रशासन ने पर्यटकों से सतर्क रहने की अपील की है।

खरगोन, 27 जुलाई।

मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के महेश्वर स्थित सहस्त्रधारा घाट पर नर्मदा नदी में तेज बहाव के दौरान बह गए इंदौर निवासी युवक का शव करीब नौ घंटे चले सर्च अभियान के बाद बरामद कर लिया गया। पुलिस, होमगार्ड और एसडीआरएफ की संयुक्त टीम ने लगातार रेस्क्यू अभियान चलाकर शव को नदी से बाहर निकाला।

जानकारी के अनुसार, इंदौर के निपानिया निवासी अर्पित हाड़ा (30) रविवार को अपनी पत्नी, तीन वर्षीय बेटे और अन्य परिजनों के साथ महेश्वर घूमने पहुंचे थे। महेश्वर दर्शन के बाद परिवार जलकोटी स्थित सहस्त्रधारा घाट पहुंचा, जहां नर्मदा में स्नान के दौरान अर्पित का पैर फिसल गया और वह तेज बहाव में बह गए। घटना के समय मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन नदी की तेज धारा, गहराई और पथरीले क्षेत्र के कारण सफलता नहीं मिल सकी।

सूचना मिलते ही महेश्वर पुलिस, होमगार्ड की रेस्क्यू टीम और स्थानीय गोताखोर मौके पर पहुंचे। रविवार देर रात तक तलाश अभियान चलाया गया, लेकिन अंधेरा होने के कारण उसे रोकना पड़ा। सोमवार सुबह एसडीआरएफ और पुलिस की संयुक्त टीम ने नावों की मदद से दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया।

करीब नौ घंटे की तलाश के बाद सोमवार शाम लगभग पांच बजे घटनास्थल के समीप ही अर्पित हाड़ा का शव बरामद कर लिया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए परिजनों के बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

इस घटना के बाद पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों से अपील की है कि वे अनजान स्थानों या नदियों के तेज बहाव वाले क्षेत्रों में स्नान करने से बचें। अधिकारियों के अनुसार, जलकोटी-सहस्त्रधारा क्षेत्र में पिछले तीन महीनों के दौरान डूबने की यह चौथी घटना है। लगातार हो रहे हादसों को देखते हुए क्षेत्र में स्थायी गोताखोरों और पुलिस बल की तैनाती का प्रस्ताव वरिष्ठ अधिकारियों को भेजा जा रहा है।

|
आज का राशिफल

अध्ययन-अध्यापन में समय गुजरेगा। ज्ञान-विज्ञान की वृद्घि होगी और सज्जनों का साथ भी रहेगा। कुछ कार्य भी सिद्घ होंगे। व्यर्थ की भाग-दौड़ से यदि बचा ही जाए तो अच्छा है। प्रियजनों से समागम का अवसर मिलेगा। अवरुद्घ कार्य संपन्न हो जाएंगे। धर्म-कर्म के प्रति रुचि जागृत होगी। शुभांक-1-4-6

आज का मौसम

भोपाल

26° / 31°

Cloudy

ट्रेंडिंग न्यूज़