भोपाल, 27 जुलाई।
अंतरराष्ट्रीय बाघ दिवस के उपलक्ष्य में वन विहार राष्ट्रीय उद्यान में 22 से 28 जुलाई तक आयोजित किए जा रहे बाघ सप्ताह के अंतर्गत सोमवार को विद्यार्थियों के लिए पॉम पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों और आमजन में बाघ संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
वन विहार के संचालक विजय कुमार के निर्देशन में आयोजित इस प्रतियोगिता में भोपाल के सेंट जॉर्ज स्कूल, जवाहर लाल स्कूल और गुरुनानक पब्लिक स्कूल के कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। वन विहार स्थित विहार वीथिका में सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित प्रतियोगिता का विषय 'मध्य प्रदेश में बाघ' रखा गया।
प्रतियोगिता में 50 विद्यार्थियों और शिक्षकों ने भाग लिया। विजेता प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार के साथ प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए, जबकि चार प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार से सम्मानित किया गया। पुरस्कार वितरण वन विहार की सहायक संचालक डॉ. रूही हक ने किया। इस अवसर पर वन विहार के अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
वन विहार प्रशासन के अनुसार, बाघ सप्ताह के समापन दिवस 28 जुलाई को सुबह 7 से 9 बजे तक पक्षी अवलोकन शिविर आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और प्रकृति प्रेमियों को वन्यजीव संरक्षण तथा जैव विविधता के प्रति जागरूक करना है।

















