Naidunia Live
• टॉप न्यूज़ • मध्य प्रदेश • विज्ञान व प्रौद्योगिकी • अपराध • शिक्षा • संपादकीय • धर्म / अध्यात्म • वीडियो स्टोरी • मौसम • त्योहार • प्रेरक कहानियाँ
• वीडियो • न्यूज़ आर्काइव

प्रशासनिक खबरें
27 Jul, 2026

भोपाल गौतम नगर में युवक की चाकू मारकर हत्या, आरोपित की तलाश में तीन टीमें

भोपाल के गौतम नगर में संपत्ति विवाद के बीच युवक की चाकू मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर तीन विशेष टीमों को आरोपित की तलाश में लगाया है।

भोपाल, 27 जुलाई।

गौतम नगर थाना क्षेत्र में रविवार रात एक 25 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। वारदात घर के पास स्थित एक कलारी के सामने हुई। घटना के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश में पुलिस की तीन विशेष टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं।

मृतक के परिजनों के अनुसार, परिवार का आरोपित राकेश पंथी से लंबे समय से संपत्ति विवाद चल रहा था। बताया गया कि करीब दो महीने पहले परिवार ने अपना पुराना मकान दोबारा खरीदा था, जिसके बाद से दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया। परिजनों का यह भी आरोप है कि लगभग 20 दिन पहले गृह प्रवेश के दौरान आरोपित ने मृतक की पत्नी के साथ अभद्र व्यवहार किया था और बाद में रास्ते में आते-जाते उस पर टिप्पणी करता था। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई थी।

परिजनों ने बताया कि आरोपित लगातार फोन कर मृतक को मिलने के लिए दबाव बना रहा था। उनका दावा है कि मुलाकात नहीं होने पर उसने धमकी दी थी कि जो भी सामने आएगा, उसे जान से मार देगा।

रविवार रात मृतक सचिन घर के समीप स्थित कलारी की ओर गया था। आरोप है कि पहले से घात लगाए बैठे राकेश ने उसे रोक लिया और चाकू से पेट, सीने और पीठ पर लगातार चार वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल सचिन को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलने के बाद गौतम नगर पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

परिजनों का दावा है कि आरोपित पहले भी हत्या के एक मामले में जेल जा चुका है। पुलिस उसके आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है। साथ ही हत्या से पहले कथित रूप से दी गई धमकियों की पुष्टि के लिए दोनों पक्षों की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और मोबाइल चैट की भी जांच की जाएगी।

पुलिस फिलहाल दो प्रमुख बिंदुओं पर जांच कर रही है। पहला, महिला से जुड़े विवाद और कथित अभद्र व्यवहार का मामला तथा दूसरा, पुराने मकान को लेकर चली आ रही रंजिश। इसके साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि हत्या पूर्व नियोजित थी या फिर अचानक हुए विवाद का परिणाम।

थाना प्रभारी महेंद्र सिंह ठाकुर ने बताया कि हत्या का प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। आरोपित की गिरफ्तारी के लिए तीन विशेष टीमें गठित की गई हैं और उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।

|
आज का राशिफल

अध्ययन-अध्यापन में समय गुजरेगा। ज्ञान-विज्ञान की वृद्घि होगी और सज्जनों का साथ भी रहेगा। कुछ कार्य भी सिद्घ होंगे। व्यर्थ की भाग-दौड़ से यदि बचा ही जाए तो अच्छा है। प्रियजनों से समागम का अवसर मिलेगा। अवरुद्घ कार्य संपन्न हो जाएंगे। धर्म-कर्म के प्रति रुचि जागृत होगी। शुभांक-1-4-6

आज का मौसम

भोपाल

26° / 31°

Cloudy

ट्रेंडिंग न्यूज़