नई दिल्ली, 29 जुलाई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो अगस्त को ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत’ अभियान का औपचारिक शुभारंभ करेंगे। केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने बताया कि उद्घाटन कार्यक्रम में एक करोड़ से अधिक लोगों के शामिल होने की संभावना है। इस दौरान सभी प्रतिभागी नशा मुक्ति की शपथ भी लेंगे।
यह अभियान देशभर में 100 सप्ताह तक चलने वाला जनभागीदारी आधारित कार्यक्रम होगा, जिसका उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना है। इसके अंतर्गत प्रत्येक रविवार युवाओं के नेतृत्व में जागरूकता अभियान, सामुदायिक रैलियां और नशा मुक्ति शपथ जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अभियान में माय भारत स्वयंसेवक, राष्ट्रीय सेवा योजना, युवा क्लब, स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय, गैर-सरकारी संगठन, उद्योग संगठनों और आध्यात्मिक संस्थाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इसका उद्देश्य युवाओं को विकसित भारत के लिए नशा मुक्त समाज की अवधारणा से जोड़ना है।
इच्छुक नागरिक माय भारत मंच के माध्यम से पंजीकरण कर इस अभियान का हिस्सा बन सकते हैं। सरकार का लक्ष्य अधिक से अधिक युवाओं को इस जन आंदोलन से जोड़कर नशा मुक्ति के प्रति व्यापक जागरूकता पैदा करना है।

















