रायपुर, 29 जुलाई।
रायपुर रेल मंडल के अंतर्गत उरला दूध फैक्ट्री के समीप स्थित उरला रेलवे अंडरब्रिज में आवश्यक मरम्मत कार्य कराया जाएगा। इस दौरान अंडरब्रिज पर यातायात पूरी तरह बंद नहीं होगा, बल्कि एक लेन के माध्यम से नियंत्रित तरीके से वाहनों की आवाजाही जारी रहेगी।
रेलवे के अनुसार मरम्मत कार्य 8 अगस्त को सुबह 8 बजे शुरू होगा और 7 अक्टूबर को शाम 6 बजे तक चलेगा। इस अवधि में अंडरब्रिज की दो लेनों में से एक लेन को अस्थायी रूप से बंद रखकर मरम्मत की जाएगी। पहले चरण का कार्य पूरा होने के बाद दूसरी लेन पर काम शुरू किया जाएगा।
रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पूरे कार्यकाल के दौरान अंडरब्रिज को पूरी तरह बंद नहीं किया जाएगा। यातायात को एक लेन से नियंत्रित और सुरक्षित तरीके से संचालित किया जाएगा, ताकि लोगों को कम से कम असुविधा हो। मरम्मत कार्य के दौरान रायपुर रेल मंडल की ओर से यातायात व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जाएगी।

















