नोएडा, 29 जुलाई।
नोएडा के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में लूटपाट की छह वारदातों से लोगों में दहशत का माहौल है। सभी मामलों में पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सेक्टर-63 क्षेत्र में एक निजी कंपनी से घर लौट रहे युवक से अज्ञात बदमाश मोबाइल छीनकर फरार हो गया। पीड़ित ने पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन आरोपित मौके से भाग निकला। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सेक्टर-20 इलाके में मंगल बाजार के पास फोन पर बात कर रहे युवक से मोबाइल छीन लिया गया। इसी थाना क्षेत्र के सेक्टर-27 मार्केट में बाइक सवार दो बदमाशों ने एक युवती के हाथ से आईफोन झपट लिया। पीड़िता ने फाइंड माय सेवा के माध्यम से मोबाइल की लोकेशन दिल्ली में सक्रिय होने की जानकारी दी है।
सेक्टर-24 क्षेत्र में विश्वकर्मा रोड के पास उबर ऑटो से जा रही युवती का कीमती आईफोन दो अज्ञात बदमाश लूटकर फरार हो गए। वहीं फेस-वन थाना क्षेत्र के हरौला गांव के पास बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक का मोबाइल छीन लिया। पीड़ित ने उन्हें पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वे तेज रफ्तार से निकल गए।
उधर, बिसरख थाना क्षेत्र में गौर सिटी-7 एवेन्यू के पास राधा कृष्ण मंदिर के निकट पैदल जा रहे युवक के गले से बाइक सवार बदमाशों ने करीब दो तोले वजन की सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश में जुटी है।
















