काठमांडू, 29 जुलाई।
नेपाल के सुनसरी जिले के देवानगंज गांवपालिका में पुलिस गोलीबारी में एक युवक की मौत के विरोध में बुधवार को भी कई जिलों में बंद का असर देखने को मिला। प्रदर्शनकारियों ने कई स्थानों पर सड़कें जाम कर विरोध जारी रखा, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ।
विरोध प्रदर्शन के चलते सप्तरी जिले के मुख्यालय राजविराज में बाजार बंद रहे। हनुमाननगर बाजार में भी कारोबार प्रभावित हुआ। तिरहुत गांवपालिका के डिमन क्षेत्र में हुलाकी राजमार्ग अवरुद्ध कर प्रदर्शन किया गया। वहीं कंचनरूप नगरपालिका के सिमरा चौक पर युवाओं ने टायर जलाकर पूर्व-पश्चिम राजमार्ग पर आवागमन रोक दिया। यह राजमार्ग पिछले दो दिनों से प्रभावित बना हुआ है।
प्रदर्शनकारी घटना की निष्पक्ष जांच, घायलों के मुफ्त उपचार, उचित क्षतिपूर्ति और दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
देवानगंज में लागू कर्फ्यू का असर अब पड़ोसी जिले सप्तरी तक पहुंच गया है। स्थानीय व्यापारियों के अनुसार, पूर्वी क्षेत्र से माल ढुलाई प्रभावित होने के कारण रसोई गैस की आपूर्ति में गंभीर दिक्कतें सामने आ रही हैं।
सप्तरी में मुख्य जिला अधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित सर्वदलीय बैठक में सामाजिक सद्भाव बनाए रखने को लेकर दो सूत्रीय सहमति बनी थी, लेकिन इसके बावजूद विभिन्न स्थानों पर प्रदर्शन जारी हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था के सामने नई चुनौतियां खड़ी हो गई हैं। उल्लेखनीय है कि रविवार रात देवानगंज में दो समूहों के बीच हुई हिंसक झड़प के दौरान पुलिस की फायरिंग में एक युवक की मौत हो गई थी।

















