ग्रेटर नोएडा, 29 जुलाई।
अलीगढ़ के गोंडा थाना क्षेत्र में दर्ज एक मामले में वांछित बदमाश को पकड़ने पहुंची अलीगढ़ पुलिस की कार्रवाई के दौरान आरोपित पुलिस को देखकर भाग निकला और ग्रेटर नोएडा की एक आवासीय सोसाइटी में घुस गया।
पुलिस के शोर मचाने पर सोसाइटी के सुरक्षाकर्मियों ने तत्काल घेराबंदी कर आरोपित को पकड़ लिया और उसे अलीगढ़ पुलिस के हवाले कर दिया। इसके बाद पुलिस उसे गिरफ्तार कर अपने साथ अलीगढ़ ले गई।
पुलिस के अनुसार आरोपित के खिलाफ मारपीट और छिनैती का मामला दर्ज है तथा वह लंबे समय से वांछित चल रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस टीम ग्रेटर नोएडा पहुंची, जहां पता चला कि वह डिलीवरी ब्वॉय के रूप में काम करते हुए छिपकर रह रहा था।
मंगलवार रात पुलिस ने उसे पकड़ने का प्रयास किया तो वह पूर्वांचल रॉयल सिटी सोसाइटी की ओर भाग गया। सुरक्षाकर्मियों की मदद से उसे पकड़ लिया गया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

















