गुवाहाटी, 01 अगस्त।
असम में आई भीषण बाढ़ से प्रभावित लोगों की सहायता के लिए देशभर से सहयोग मिल रहा है। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी देते हुए बताया कि उद्योगपति गौतम अदानी ने मुख्यमंत्री राहत कोष में 11 करोड़ रुपये का योगदान दिया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें इस आर्थिक सहयोग की जानकारी अचानक मिली। उनके अनुसार, प्रचार से दूर रहकर कार्य करने वाले गौतम अदानी ने इस बार भी केवल आर्थिक सहायता ही नहीं दी, बल्कि बाढ़ प्रभावित हजारों परिवारों तक समय पर मदद पहुंचाने के लिए विभिन्न माध्यमों से आवश्यक संसाधन जुटाने का कार्य भी शांतिपूर्वक किया।
उन्होंने कहा कि असम के विकास में निवेश के दौरान जिस विश्वास और प्रतिबद्धता का परिचय दिया गया, वही भावना संकट की इस घड़ी में भी दिखाई दे रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों के प्रति दिखाई गई जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के लिए वह उनके प्रति आभार व्यक्त करते हैं।
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए समाज के विभिन्न वर्गों से लगातार सहयोग प्राप्त हो रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राहत कोष में मिलने वाले प्रत्येक योगदान का उपयोग पूरी पारदर्शिता, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ जरूरतमंद लोगों के पुनर्वास और सहायता के लिए किया जाएगा।





















